फर्रुखाबाद। शहर के प्रमुख मार्ग लाल सराय से लेकर घूमना तक फुटपाथ निर्माण कार्य इन दिनों आमजन के लिए भारी परेशानी का कारण बन गया है। फुटपाथ पर ब्रिक बिछाने का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है, लेकिन निर्माण सामग्री लेकर शहर के भीतर प्रवेश कर रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण सड़क पर बार-बार भयंकर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में कई बार लंबा जाम लग जाता है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को घंटों फंसे रहना पड़ता है। जाम की वजह से एंबुलेंस, स्कूली वाहन और दुपहिया सवारों को भी निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में हालात और भी बदतर हो जाते हैं।
निर्माण कार्य के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क के बीचोंबीच खड़ी कर दी जाती हैं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है। न तो ट्रैफिक पुलिस की समुचित व्यवस्था दिखाई दे रही है और न ही निर्माण एजेंसी द्वारा किसी प्रकार का वैकल्पिक यातायात प्लान लागू किया गया है।
व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण सामग्री की ढुलाई रात के समय कराई जाए या फिर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो शहरवासियों का आक्रोश कभी भी फूट सकता है।
शहर के व्यस्त इलाके में चल रहा यह निर्माण कार्य अब विकास कम और अव्यवस्था ज्यादा साबित हो रहा है। नागरिकों ने संबंधित विभाग से तत्काल संज्ञान लेकर जाम की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here