नई दिल्लीl कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को सोमवार शाम दिल्ली के प्रसिद्ध सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उन्हें किसी आपात स्थिति में नहीं, बल्कि नियमित चिकित्सकीय जांच के लिए भर्ती किया गया है। हालांकि, डॉक्टरों ने बताया कि सोनिया गांधी को लंबे समय से पुरानी खांसी की शिकायत है, जिस कारण उन्हें निगरानी में रखा गया है। वर्तमान में उनकी तबीयत स्थिर बताई जा रही है और वे चेस्ट फिजीशियन की देखरेख में इलाज करा रही हैं।
अस्पताल से जुड़े एक सूत्र ने समाचार एजेंसी को बताया कि सोनिया गांधी समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल आती रहती हैं। खास तौर पर दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण उन्हें सांस और खांसी से जुड़ी समस्याओं को लेकर नियमित जांच की आवश्यकता पड़ती है। डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य मानकों पर नजर बनाए हुए है और एहतियातन कुछ आवश्यक टेस्ट किए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी ने स्वयं अपनी तबीयत को लेकर किसी तरह की गंभीर चिंता से इनकार किया है और कहा है कि यह एक रूटीन चेक-अप है। कांग्रेस पार्टी की ओर से भी बताया गया है कि उनकी हालत स्थिर है और घबराने जैसी कोई बात नहीं है। फिलहाल डॉक्टरों की सलाह पर वे अस्पताल में ही रहकर जांच और निगरानी करा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here