लखनऊ| लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को हजरतगंज पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, देरी से बयान दर्ज कराने के सवाल पर नेहा सिंह ने पुलिस को बताया कि वह बीमार थीं। करीब चार घंटे तक चली पूछताछ के दौरान नेहा ने कहा कि उन्हें बुखार था और गले में गंभीर दिक्कत की वजह से वह समय पर थाने नहीं आ सकीं। इसी आधार पर पुलिस ने उनसे दोबारा मेडिकल रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने को कहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नेहा सिंह को कई बार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन वह बयान दर्ज कराने नहीं पहुंच रही थीं। शनिवार देर शाम वह अपने पति के साथ हजरतगंज थाने पहुंचीं, जहां उनका बयान दर्ज किया गया, जिसके बाद वह वापस लौट गईं। वहीं, नेहा सिंह का कहना है कि उन्हें महज दो सप्ताह पहले ही नोटिस प्राप्त हुआ था।
गौरतलब है कि नेहा सिंह राठौर के खिलाफ 27 अप्रैल को हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। उन पर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के संबंध में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप है। यह मुकदमा गुडंबा थाना क्षेत्र के वुडलैंड पैराडाइज निवासी कवि अभय प्रताप सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया। आरोप है कि नेहा सिंह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राष्ट्रीय अखंडता पर प्रतिकूल प्रभाव डालने और धर्म व जाति के आधार पर दूसरे समुदाय के खिलाफ अपराध के लिए उकसाने का प्रयास किया।
इस मामले में एसीपी विकास कुमार जायसवाल ने बताया कि पूरे प्रकरण की विवेचना की जा रही है। पुलिस साक्ष्य संकलन कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






