मुरादाबाद। जनपद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र के गांव उमरी में संपत्ति विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। सात बीघा जमीन बेचने का विरोध कर रही मां की उसके ही बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरी रात मां के शव के पास बैठा रहा। शनिवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव उमरी निवासी ऋषिपाल की कुछ वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। उनके हिस्से की करीब सात बीघा कृषि भूमि उनकी पत्नी सावित्री के नाम दर्ज थी। परिवार में एक बेटा कपिल और एक बेटी है, बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा कपिल भी विवाहित है। बताया गया कि कपिल काफी समय से मां के नाम दर्ज जमीन को बेचना चाहता था, लेकिन सावित्री इसके लिए राजी नहीं थीं। इसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
शुक्रवार शाम भी जमीन बेचने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह विवाद शांत कराया। इसके बाद देर रात कपिल ने फिर से मां पर जमीन बेचने का दबाव बनाया। मां के इनकार करने पर आरोपी आपा खो बैठा और पास पड़े डंडे से सावित्री पर हमला कर दिया। सिर पर कई वार किए जाने से सावित्री की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी कपिल घर से फरार नहीं हुआ, बल्कि मां के शव के पास ही पूरी रात बैठा रहा। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी बेटे कपिल को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा है, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।






