नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र में किए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के जवानों ने मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराया। कई घंटों तक चली इस मुठभेड़ के बाद मौके से अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुकमा जिले के किस्टाराम इलाके के घने जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देशन में DRG की टीम को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। तड़के सुबह जवान जंगलों में तलाशी अभियान चला रहे थे, तभी छिपे बैठे माओवादियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से करीब एक घंटे तक भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें 12 नक्सली मारे गए।
मुठभेड़ के बाद जब इलाके की तलाशी ली गई तो घटनास्थल से AK-47 और इंसास राइफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ। मारे गए नक्सलियों में कोंटा एरिया कमेटी का सक्रिय सदस्य वेट्टी मुका उर्फ मंगडू भी शामिल है। करीब 40 वर्षीय मंगडू सुकमा जिले के गोगुड़ा गांव का निवासी था और लंबे समय से माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ था। वह कोंटा एरिया कमेटी का सचिव था और उस पर शासन-प्रशासन ने 8 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। मंगडू कई बड़ी नक्सली वारदातों में शामिल रहा है।
इस मुठभेड़ में एक अन्य खूंखार माओवादी एसीएम हितेश के मारे जाने की भी पुष्टि हुई है। हितेश 9 जून को कोंटा के पास हुए आईईडी ब्लास्ट का मास्टरमाइंड था, जिसमें तत्कालीन एएसपी आकाश राव गिरपुंजे शहीद हो गए थे। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को एएसपी आकाश राव की शहादत का बदला भी माना जा रहा है।
फिलहाल मुठभेड़ स्थल और आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षाबलों को आशंका है कि कुछ अन्य नक्सली घायल अवस्था में जंगलों में छिपे हो सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि अभियान पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही अंतिम आंकड़े स्पष्ट हो पाएंगे। सुकमा में लगातार मिल रही इस तरह की सफलताओं से नक्सलियों के हौसले टूटते नजर आ रहे हैं और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here