मेरठ| पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर मेरठ पहुंचे भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। ताजपोशी के बाद पहली बार मेरठ पहुंचे पंकज चौधरी ने सपा, बसपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब विपक्ष विहीन हो चुका है। उन्होंने कहा कि बिहार में जातिवादी राजनीति करने वाली पार्टियों के पतन के बाद अब यूपी में भी ऐसे दल बेचैन और हताश नजर आ रहे हैं। मेरठ में आयोजित संगठनात्मक बैठक और जनसभा के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का कद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से भी बड़ा होता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी मेहनत और समर्पण के बल पर प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बन सकता है, जबकि सपा, कांग्रेस, बसपा और अन्य क्षेत्रीय दलों में शीर्ष पदों तक पहुंचने के लिए “पुनर्जन्म” लेना पड़ता है। पंकज चौधरी ने कहा कि मंडल अध्यक्षों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बल पर ही वह सातवीं बार सांसद बने हैं और आगे भी कार्यकर्ताओं के कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।
मेरठ के एनएच-58 कंकरखेड़ा बाईपास स्थित ईवाया रिसॉर्ट्स में हुई बैठक में पंकज चौधरी ने कहा कि बैट के निर्यात के लिए दुनिया में पहचान रखने वाली मेरठ की धरती से ही 2027 के विधानसभा चुनाव की क्रांति शुरू होगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा तीसरी बार फिर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर ही जाता है और पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं के परिश्रम पर टिकी है।
पंकज चौधरी ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 28 देशों द्वारा राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा जाना भारत की वैश्विक साख को दर्शाता है। कोरोना काल में भारत ने कई देशों को वैक्सीन देकर मानवता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है और 2027 तक तीसरे तथा 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदली है।
प्रदेश अध्यक्ष ने एसआईआर को लेकर विपक्ष के आरोपों को छलावा बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और एसआईआर के बाद के कार्यों को पूरी निष्ठा से पूरा करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर एक-एक बूथ पर मजबूती से काम हुआ, तो जीत निश्चित है। दौरे के दौरान पंकज चौधरी का कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी, फूलों की वर्षा और बुलडोजर पर चढ़कर स्वागत कर शक्ति प्रदर्शन किया।





