कानपुर। रजिस्ट्रार कार्यालय में आयकर विभाग की क्राइम इन्वेस्टिगेशन टीम द्वारा की गई छापेमारी के मामले में बड़े खुलासे सामने आए हैं। जांच के दौरान करीब 500 करोड़ रुपये की वित्तीय विसंगति मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इसके बाद रजिस्ट्रियों से जुड़े रिकॉर्ड की क्रॉस चेकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान रजिस्ट्रियों में लगाए गए पैन कार्ड में गंभीर गड़बड़ियां पाई गई हैं। खासतौर पर वर्ष 2020–2021 के दौरान पंजीकृत दस्तावेजों में इस्तेमाल किए गए पैन कार्ड संदिग्ध पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि एक ही पैन कार्ड का कई बार उपयोग या गलत विवरण के आधार पर रजिस्ट्रियां कराई गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए निबंधन कार्यालय ने अब तक करीब 400 संपत्तियों की गहन क्रॉस चेकिंग शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आयकर चोरी से जुड़े नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता है।
आयकर विभाग की ओर से फिलहाल आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि जांच का दायरा और बढ़ सकता है। इस कार्रवाई के बाद रियल एस्टेट और निबंधन विभाग से जुड़े लोगों में भी खलबली मची हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here