कानपुर। महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 28 में शनिवार सुबह एक सादगी भरा और जनसंवाद से जुड़ा दृश्य देखने को मिला। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मॉर्निंग वॉक के दौरान क्षेत्रवासियों से स्नेहपूर्ण भेंट की और आम नागरिकों के साथ सहज वातावरण में संवाद किया।
इस दौरान ‘चाय पर चर्चा’ के माध्यम से स्थानीय नागरिकों ने अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सीधे विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष रखीं। सड़क, साफ-सफाई, जल निकासी, बिजली, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं जैसे मुद्दों पर खुलकर बातचीत हुई।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा दायित्व जनता से सीधा संवाद बनाए रखना है, ताकि शासन और जनता के बीच की दूरी समाप्त हो सके।
क्षेत्रवासियों ने बिना किसी औपचारिकता और सुरक्षा घेरे के बीच हुए इस संवाद की सराहना करते हुए कहा कि सतीश महाना की पहचान उनकी सादगी, सहजता और संवेदनशीलता है, जो उन्हें अन्य नेताओं से अलग बनाती है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान आमजन से सीधा संवाद कर विधानसभा अध्यक्ष ने यह संदेश, दिया कि लोकतंत्र की असली ताकत जनसंवाद और भरोसे में ही निहित है।





