फर्रुखाबाद| बदायूं स्टेट हाईवे पर अमृतपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह घने कोहरे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कम दृश्यता के चलते तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्टेट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
शाहजहांपुर जनपद के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गुलाल नागरा गांव निवासी 22 वर्षीय हरिओम पुत्र दलवीर बीते कई वर्षों से दूध डेयरी से जुड़ा हुआ है और पिकअप वाहन चलाकर गांव-गांव से दूध संग्रह करता है। शुक्रवार सुबह भी वह अमृतपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से दूध इकट्ठा कर रहा था। इसी दौरान फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे पर राजपुर कस्बे के पास सामने से आ रहे पंजाब राज्य के एक ट्रक ने उसकी पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक हरिओम वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद ट्रक चालक और उसका हेल्पर ट्रक को सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त पिकअप से घायल हरिओम को बाहर निकाला।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही अमृतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक स्टेट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग चुकी थी, जिसमें रोडवेज बसें, डंपर, ट्रक और निजी कारें फंसी रहीं। इस बीच घायल चालक का भाई भी मौके पर पहुंच गया और वह अपने भाई को निजी साधन से ले जाने की जिद करने लगा, जिस पर पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर पहले सरकारी अस्पताल ले जाने के लिए राजी किया।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल हरिओम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल को अस्पताल भेजे जाने के बाद पुलिस ने सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाकर धीरे-धीरे यातायात सुचारु कराया।
इस संबंध में अमृतपुर थाना अध्यक्ष मोनू शाक्या ने बताया कि दुर्घटना में घायल पिकअप चालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here