पुलिस ने बताया संदिग्ध, सीसीटीवी खंगालने में जुटी

फर्रुखाबाद। मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम बेखौफ बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक आढ़ती से करीब एक लाख रुपये की नगदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है, हालांकि अभी तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।
जानकारी के अनुसार थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के हैबतपुर गढ़िया काशीराम कॉलोनी निवासी सुमन प्रकाश दुबे की कर्बला के निकट गल्ले की आढ़त है। मंगलवार शाम सुमन प्रकाश दुबे अपनी आढ़त बंद कर साइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह शनि देव मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उन्हें धमकाया और उनके झोले में रखी लगभग एक लाख रुपये की नगदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही मऊ दरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है।
इस पूरे मामले को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस घटना को संदिग्ध बताकर अपना पल्ला झाड़ती नजर आ रही है। थाना अध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here