प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। 28 और 29 जनवरी को प्रस्तावित TET परीक्षा स्थगित कर दी गई है। यह फैसला उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा लिया गया है।
आयोग के अनुसार परीक्षा से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी न हो पाने के कारण यह निर्णय लेना पड़ा है। अब TET परीक्षा मई माह में आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक TET परीक्षा के लिए अभी तक विज्ञापन जारी नहीं हो सका था। परीक्षा से पहले आवेदन प्रक्रिया, पात्रता जांच और अन्य औपचारिकताओं को पूरा किया जाना आवश्यक होता है, लेकिन निर्धारित समयसीमा में यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। इसी कारण जनवरी में परीक्षा कराना संभव नहीं रहा।
PGT और TGT की तिथियां जल्द
आयोग ने यह भी संकेत दिए हैं कि PGT और TGT परीक्षाओं की तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी। इन भर्तियों का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह राहत की बात मानी जा रही है।
अभ्यर्थियों में मिली-जुली प्रतिक्रिया
TET परीक्षा स्थगित होने से जहां कुछ अभ्यर्थियों को अतिरिक्त तैयारी का समय मिलने की उम्मीद है, वहीं कई उम्मीदवारों में निराशा भी देखी जा रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि बार-बार तारीखों में बदलाव से मानसिक और आर्थिक दबाव बढ़ता है।
शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आधिकारिक सूचना और नोटिफिकेशन पर ही भरोसा करें तथा किसी भी अफवाह से बचें। परीक्षा से संबंधित नई तिथियों और विज्ञापन की जानकारी जल्द जारी की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here