कन्नौज: जनपद में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के तहत नवाब सिंह यादव (Nawab Singh Yadav) की पांच अचल संपत्तियों को कुर्क किया गया है। यह कार्रवाई भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई, जहां पहले मुनादी कराई गई, उसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत संपत्तियों को सील किया गया, 8 करोड़ से अधिक बताई जा रही कुर्क संपत्तियों (attached properties) की कीमत।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार कुर्क की गई सभी संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत 8 करोड़ रुपये से अधिक है। इनमें आवासीय और व्यावसायिक प्रकृति की संपत्तियां शामिल बताई जा रही हैं। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहा। कुर्की की कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस व अतिरिक्त फोर्स मौजूद रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई थी।
कानून के तहत कार्रवाई से पहले इलाके में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई गई, ताकि आम लोगों को कुर्की की जानकारी दी जा सके। इसके बाद संबंधित संपत्तियों पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।


