नोएडा: ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने अब पानी बिल बकायेदारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। ग्रेनो वेस्ट की 101 बिल्डर सोसायटियों पर करीब 150 करोड़ रुपये का बकाया है। अथॉरिटी ने इन सोसायटियों को नोटिस भेजकर आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी करने की चेतावनी दी है।
जल विभाग के सीनियर मैनेजर विनोद शर्मा के अनुसार, सबसे बड़ा पेंच उन सोसाइटियों में है जहां एओए (एसोसिएशन ऑफ एरिया) बन चुकी है। आरोप है कि एओए निवासियों से पानी के बिल वसूल तो रही है, लेकिन अथॉरिटी के खाते में राशि जमा नहीं कर रही।
पिछले साल की कड़ी कार्रवाई में 43 करोड़ रुपये की रिकवरी हुई थी। इसी को देखते हुए एसीईओ प्रेरणा सिंह ने इस बार भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। बिल जमा न होने से शहर की जलापूर्ति प्रणाली के रखरखाव में बाधा आ रही है। नोटिस के बाद भी भुगतान न होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसीईओ प्रेरणा सिंह ने कहा कि पानी का बिल न चुकाने वाले बड़े बकायेदारों की सूची तैयार की गई है। पहले चरण में ग्रुप हाउसिंग के बड़े आवंटियों को नोटिस जारी कर बकाया राशि का भुगतान करने को कहा गया है।






