कायमगंज| क्षेत्र के गांव चरन नगला में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस घटना में एक युवती और उसकी मां समेत कुल चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया है।
घायलों में युवती किरण और उसकी मां विमला देवी शामिल हैं। किरण ने आरोप लगाया कि उनके ही परिवार के तीन लोगों ने उन्हें और उनकी मां विमला देवी को बेरहमी से पीटा। किरण के अनुसार दूसरे पक्ष की महिला के बेटे विवेक के उनके स्थान में जाने को लेकर पहले कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि उनका नौ वर्षीय बेटा विवेक विमला देवी की जगह में खेलने चला गया था। इसी बात पर विमला देवी ने उनके बेटे के साथ मारपीट की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच-पड़ताल की। पुलिस ने घायलों को उपचार और चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भिजवाया, जहां सभी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण करा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here