लखनऊ| प्रदेश में घने कोहरे और कड़ाके की सर्दी की दोहरी मार शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी करते हुए शीत दिवस की चेतावनी दी है। अनुमान जताया गया है कि 20 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम की यही स्थिति बनी रहेगी। बुधवार को लखनऊ, बरेली, गोरखपुर, कुशीनगर और कानपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जबकि बहराइच, हरदोई और शाहजहांपुर जैसे जिलों में दृश्यता घटकर मात्र 30 मीटर रह गई। कई जिलों में अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री और कुछ स्थानों पर 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठिठुरन और गलन बढ़ गई। हालात ऐसे रहे कि लोगों को दिन में ही अलाव और हीटर का सहारा लेना पड़ा।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिम और मध्य भारत के ऊपर बने प्रति-चक्रवात और ऊपरी हवा के प्रभाव से प्रदेश में घना कोहरा छाया हुआ है। निचले वायुमंडल में व्युत्क्रम परत बनने के कारण दिन भर दृश्यता बेहद कम रही। उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर तक कोहरे और सर्द हवाओं का असर बना रह सकता है।

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोहरे और ठंड को लेकर प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंडलायुक्त, आईजी, जिलाधिकारी, पुलिस, ट्रैफिक और नगर निकाय अधिकारियों से कहा कि जनजीवन, यातायात और निराश्रितों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने हाईवे और एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, क्रेन और एंबुलेंस 24 घंटे तैनात रखने तथा टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर से कोहरे की चेतावनी देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई और खराब दृश्यता में बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

राजधानी लखनऊ में इस सीजन का सबसे घना कोहरा देखने को मिला। बीते 48 घंटे में अधिकतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। बुधवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 6 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।

सर्दी और कोहरे के चलते कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। लखनऊ में कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल अब सुबह 9 बजे के बाद ही खुलेंगे। रायबरेली और सुल्तानपुर में स्कूलों का समय साढ़े नौ से ढाई बजे तक कर दिया गया है। सीतापुर में पहले ही समय बदला जा चुका है। बरेली में कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूलों में 20 दिसंबर तक अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी, हालांकि पूर्व निर्धारित परीक्षाएं यथावत होंगी।

मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे में यात्रा के दौरान सावधानी बरतें, फॉग लाइट और लो बीम हेडलाइट का इस्तेमाल करें, तेज रफ्तार से बचें और अत्यधिक कोहरे में अनावश्यक यात्रा न करें। सर्दी के इस प्रकोप को देखते हुए आने वाले दिन प्रदेशवासियों के लिए और चुनौतीपूर्ण रहने के आसार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here