फर्रुखाबाद। बीते दिनों शहर में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट की वारदात ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया था। रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विस में कार्यरत एक कर्मचारी को गोली मारकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया गया था। इस गंभीर घटना को संज्ञान में लेते हुए डीआईजी कानपुर जोन द्वारा मामले का शीघ्र खुलासा करने के कड़े निर्देश जारी किए गए थे। पुलिस ने जांच तेज करते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक दोनों के नाम उजागर नहीं किए गए हैं।
कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव सकवाई निवासी राजू शर्मा पुत्र स्वर्गीय कप्तान लाल द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार उनका भाई राजेश शर्मा बीते 17 वर्षों से रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विस में कैश कलेक्शन का कार्य कर रहा है। पीड़ित के मुताबिक 15 दिसंबर को राजेश निजी कंपनियों के कार्यालयों से नकदी एकत्र कर घूमना स्थित सेंट्रल बैंक में जमा करने जा रहा था। इसी दौरान कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवीन मंडी रोड स्थित गुंजन विहार कॉलोनी के पास पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया।
राजेश द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद हमलावर नकदी से भरा बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई थी और पुलिस पर खुलासे का दबाव बढ़ गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिशें दी जा रही हैं। इसी क्रम में थाना कादरी गेट पुलिस द्वारा दो लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
इस संबंध में जब आईटीआई चौकी प्रभारी विशेष कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि दो लोगों को पूछताछ के लिए लाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं दूसरी ओर थाना प्रभारी कादरी गेट कपिल चौधरी ने इन दावों से इन्कार करते हुए कहा कि अभी किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है और आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here