लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं के लिए बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। प्रदेश में राजस्व लेखपाल के कुल 7,994 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन 29 दिसंबर 2025 से शुरू होंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 28 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है।
राजस्व लेखपाल भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संपन्न कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का ऑफलाइन आवेदन करने की आवश्यकता नहीं हो।
इस भर्ती में वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने PET-2025 (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा) उत्तीर्ण की हो। PET को लेखपाल भर्ती के लिए अनिवार्य योग्यता के रूप में रखा गया है।
आवेदन करने के बाद यदि किसी अभ्यर्थी से कोई त्रुटि हो जाती है, तो उसे सुधारने का भी मौका दिया जाएगा। आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 4 फरवरी 2026 तय की गई है।
भर्ती में आरक्षण का पूरा ध्यान रखा गया है।
राजस्व लेखपाल की यह भर्ती ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर प्रदान करेगी। लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है।
सरकार और संबंधित विभाग की ओर से जल्द ही भर्ती से जुड़ी विस्तृत विज्ञप्ति, योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर विभागीय वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।




