27 C
Lucknow
Monday, February 16, 2026

300 करोड़ के पार पहुंची ‘धुरंधर’, तोड़े कई रिकार्ड

Must read

मुंबई: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ (Dhurandhar) इन दिनों बॉक्स ऑफिस (box office) पर इतिहास रचती नजर आ रही है। 05 दिसंबर को रिलीज हुई इस फिल्म को लेकर जितनी चर्चा इसकी कहानी और स्टारकास्ट की हो रही है, उतनी ही बातें इसके जबरदस्त कलेक्शन की भी हो रही हैं। रिलीज के महज नौ दिनों में 300 करोड़ क्लब में एंट्री कर चुकी इस फिल्म ने अब 10वें दिन भी शानदार प्रदर्शन किया है।

फिल्म ने ओपनिंग डे पर ही 28 करोड़ रुपये की दमदार कमाई कर संकेत दे दिया था कि यह लंबी रेस का घोड़ा साबित होने वाली है। पहले हफ्ते में फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तूफानी रफ्तार पकड़ते हुए कुल 207.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वीकडेज में भी फिल्म की कमाई स्थिर बनी रही, जिसने इसके मजबूत कंटेंट और दर्शकों की जबरदस्त पसंद को साबित कर दिया।

दूसरे हफ्ते में भी ‘धुरंधर’ का जलवा कम नहीं हुआ। खासकर दूसरे शनिवार यानी नौवें दिन फिल्म ने ऐसा प्रदर्शन किया जिसने ट्रेड एक्सपर्ट्स को भी चौंका दिया। शनिवार को फिल्म ने 53 करोड़ रुपये की बंपर कमाई की और इसी के साथ यह 300 करोड़ क्लब में शामिल हो गई।

अब बात करें रविवार यानी रिलीज के 10वें दिन की, तो यहां भी फिल्म ने निराश नहीं किया। खबर लिखे जाने तक सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘धुरंधर’ ने 53.89 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इसके साथ ही फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बढ़कर 346.64 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

अगर फिल्म के दिनवार कलेक्शन पर नजर डालें, तो इसकी रफ्तार साफ दिखाई देती है। पहले दिन 28 करोड़ से शुरू हुई यह फिल्म दूसरे शनिवार और रविवार को अर्धशतक लगाकर नई ऊंचाइयों पर पहुंच चुकी है। दूसरे वीकेंड पर फिल्म ने यह साबित कर दिया कि दर्शकों का उत्साह अब भी चरम पर है।

दूसरे रविवार की कमाई के मामले में भी ‘धुरंधर’ ने कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। इस फिल्म ने इसी साल रिलीज हुई विक्की कौशल की ब्लॉकबस्टर ‘छावा’ को भी मात दे दी है, जिसने दूसरे रविवार को 40 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके अलावा ‘गदर 2’, ‘बाहुबली 2’ और ‘जवान’ जैसी सुपरहिट फिल्मों के रिकॉर्ड भी टूटते नजर आ रहे हैं।

साल 2025 की बात करें तो ‘धुरंधर’ तीसरी हिंदी फिल्म बन गई है जिसने 300 करोड़ का आंकड़ा पार किया है। खास बात यह है कि इस क्लब में शामिल होने के लिए इस फिल्म ने सिर्फ 9 दिन लिए, जबकि ‘छावा’ को 10 दिन और ‘सैयारा’ को 17 दिन लगे थे। इस लिहाज से ‘धुरंधर’ सबसे तेज 300 करोड़ कमाने वाली फिल्म बन गई है।

आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद मेकर्स ने इसके सीक्वल का भी ऐलान कर दिया है। ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च 2026 को रिलीज होगी। मौजूदा बॉक्स ऑफिस रफ्तार को देखते हुए इतना तय है कि ‘धुरंधर’ आने वाले दिनों में और भी नए रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article