जहानगंज में लापता मासूम की हत्या, आलू के खेत में मिला शव

0
91

जहानगंज| थाना क्षेत्र के कोरी खेड़ा गांव में लापता हुए 10 वर्षीय मासूम की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। कई दिनों से तलाश के बाद रविवार को उसका शव आलू के खेत में बरामद हुआ, जिससे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
कोरी खेड़ा निवासी चंद्र प्रकाश गुप्ता के पुत्र आशुतोष गुप्ता (उम्र करीब 10 वर्ष) कक्षा 4 का छात्र था और सरस्वती शिशु मंदिर मूसा खिरिया में पढ़ता था। आशुतोष बीते बुधवार शाम करीब 5:30 बजे घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों की सूचना और पिता चंद्र प्रकाश गुप्ता की तहरीर पर थाना जहानगंज में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी रही।
पुलिस ने खोजबीन के दौरान डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाया, कई संभावित स्थानों पर छानबीन की, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई लोगों से पूछताछ की। इस दौरान चार लोगों को हिरासत में लेकर भी पूछताछ की गई, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका।
रविवार को जब गांव के कुछ ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्हें आलू के खेत में कुछ कपड़े पड़े मिले। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष राजेश राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तलाशी के दौरान उसी आलू के खेत में मासूम आशुतोष का शव बरामद हुआ।
शव मिलने की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया। मृतक की मां पूनम का रो रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजन और ग्रामीण इस जघन्य घटना से गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here