फर्रुखाबाद: रोडवेज बस (roadways bus) में सफर कर रहे एक यात्री को जहरखुरानी (Poisoning) गैंग का शिकार होना पड़ा। गिरोह के सदस्यों ने यात्री को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उसके पास रखी नकदी, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान लूट ले गए। घटना के बाद बस परिचालक ने बेहोश हालत में यात्री को रोडवेज बस स्टैंड पर उतार दिया और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से बेहोश यात्री को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने बताया कि युवक की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका इलाज जारी है।
बेहोशी की अवस्था में युवक ने अपना नाम मयंक बताया। पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है, ताकि घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सके और आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित का उपचार लोहिया अस्पताल में जारी था। पुलिस ने अज्ञात जहरखुरानी गैंग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


