1487 विकसित प्लॉटों का रजिस्ट्रेशन जल्द खुलेगा
लखनऊ। राजधानी के आवासीय विकास को नई रफ्तार देने वाली लखनऊ-अनंतनगर योजना में प्लॉटों की बिक्री की प्रक्रिया फिर से आगे बढ़ने लगी है। लंबे इंतजार के बाद अब एलडीए जल्द ही 1487 विकसित प्लॉटों के रजिस्ट्रेशन की तिथि घोषित करने जा रहा है।
जानकारी के अनुसार अभियंत्रण खंड-3 ने प्लॉटों से संबंधित संपूर्ण प्रस्ताव संपत्ति विभाग को भेज दिया है। विभागीय अनुमोदन के बाद एलडीए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को औपचारिक रूप से शुरू करेगा।
योजना में शामिल 1487 विकसित प्लॉटों की कीमत और रजिस्ट्रेशन स्लॉट के लिए एलडीए जल्द ही अलग से नोटिस जारी करेगा। सूत्रों का कहना है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोला जाएगा।
शहर में बढ़ती आवासीय मांग को देखते हुए अनंतनगर योजना के प्लॉटों की बिक्री को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। एलडीए अधिकारियों के मुताबिक प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए सभी तकनीकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।


