फर्रुखाबाद। विकास खंड बढ़पुर के याकूतगंज जखा स्थित गौशाला में लापरवाही और गौवंश के प्रति संवेदनहीनता का गंभीर मामला सामने आया है। गौशाला के पीछे बड़ी मात्रा में हड्डियाँ और एक मृत गौवंश पड़े मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही गौ रक्षा टीम मौके पर पहुँची, लेकिन टीम का आरोप है कि वहां मौजूद गौशाला कर्मियों ने उनके साथ मारपीट कर दी।
स्थानीय लोगों ने बुधवार को गौ रक्षा टीम को सूचना दी कि गौशाला के पीछे संदिग्ध हालात में हड्डियाँ पड़ी हुई हैं। टीम जब मौके पर पहुँची तो वहां कई हड्डियाँ और एक मृत अवस्था में पड़ा गौवंश मिला। टीम का कहना है कि यह गौशाला संचालन में गंभीर अनियमितताओं का संकेत है।
गौ रक्षा टीम के सदस्यों ने आरोप लगाया कि जब वे गौशाला के अंदर स्थिति देखने और कर्मियों से पूछताछ करने लगे, तभी गौशाला के एक कर्मी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।
घटना के बाद गौ रक्षा टीम के सदस्य बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुँचे और पूरी घटना का लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
टीम ने आरोप लगाया कि गौशाला में गौवंश की देखभाल में भारी लापरवाही, भोजन की कमी और मृत गौवंश को छिपाने जैसी गतिविधियाँ लगातार सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला में कई बार उचित देखभाल न होने की शिकायतें उठती रही हैं, लेकिन इस बार मृत गाय और हड्डियां मिलने से मामला बेहद गंभीर हो गया है। लोगों ने प्रशासन से गौशाला संचालन की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार जिलाधिकारी ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया है और संबंधित अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए जा सकते हैं।






