ड्यूटी से लौटते समय अज्ञात वाहन की टक्कर, लखनऊ ले जाते वक्त दम तोड़ा
बहराइच। मोतीपुर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल उप-निरीक्षक राहुल गुप्ता का उपचार के लिए लखनऊ ले जाते समय निधन हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, ज़िलामनगर चौकी में तैनात एसआई राहुल गुप्ता रविवार देर शाम ड्यूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान मोतीपुर इलाके में एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय पुलिस और ग्रामवासियों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफ़र कर दिया। लेकिन रास्ते में ही एसआई राहुल गुप्ता ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया है, ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। विभागीय अधिकारियों ने SI राहुल गुप्ता के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी बताया।
घटना की जांच जारी है।






