फर्रुखाबाद: राजेपुर थाना क्षेत्र के चदोखा गांव में जमीनी विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान कुछ दबंगों ने एक ग्रामीण पर फावड़े और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना चदोखा गांव में उस समय हुई, जब जमीनी हिस्से को लेकर चल रहे पुराने विवाद में ग्रामीण पर अचानक हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले गाली-गलौज की और फिर फावड़े सहित लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। हमले में पीड़ित को सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
गंभीर हालत में ग्रामीण को तत्काल राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए उसे जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पीड़ित की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की तहरीर दी। शिकायत मिलने पर राजेपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि जमीनी विवाद के चलते मारपीट की घटना हुई है और मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






