तेज रफ्तार कार ट्रेलर से भिड़ी, जशपुर में पांच युवकों की दर्दनाक मौत

0
51

जशपुर (छत्तीसगढ़): कटनी–गुमला नेशनल हाईवे नंबर 43 पर दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में इतनी जोरदार टकराई कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुलदुला थाना प्रभारी केके साहू ने बताया कि मृतक सभी दुलदुला क्षेत्र के खटंगा गांव के निवासी थे, जिनकी पहचान राधेश्याम यादव (26) पिता रामप्रसाद यादव, उदय कुमार चौहान (18) पिता कृष्ण चौहान, सागर तिर्की (22) पिता रफेल तिर्की, अंकित तिग्गा (17) पिता दिलीप तिग्गा और दीपक प्रधान (19) पिता अमर प्रधान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सभी युवक आस्ता थाना क्षेत्र के एक मेले से देर रात घर लौट रहे थे, तभी अचानक यह हादसा हो गया। मृतक राधेश्याम यादव के बड़े भाई महेश्वर यादव ने बताया कि सभी दोस्त साथ थे और लौटते समय कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर में जा घुसी। हादसे के बाद खटंगा गांव में मातम पसरा है, विशेषकर दीपक प्रधान की मौत से उसका परिवार गहरे सदमे में है क्योंकि वह घर का इकलौता सहारा था। पुलिस ने प्राथमिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी है, जबकि विस्तृत जांच जारी है। पोस्टमार्टम और कानूनी प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपने की तैयारी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here