बरेली| मंगलवार सुबह दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर नकटिया पुल के नीचे एक लोहे के बक्से में आठ से नौ वर्ष के अज्ञात बालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बक्सा खोलने पर उसमें टॉफी, कुरकुरे और अन्य सामान भी मिला, जिससे पुलिस को अंदेशा है कि बच्चे को धोखे से पास बुलाया गया हो या किसी परिचित ने उसे अपने साथ ले गया हो। आशंका गला घोंटकर हत्या की जताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बच्चे की पहचान कराने का प्रयास तेज कर दिया है।
घटना की सूचना सुबह कुमराह गांव के प्रधान ने इज्जतनगर पुलिस को दी। प्रधान ने बताया कि नकाटिया नदी के किनारे लोहे का बंद बक्सा संदिग्ध अवस्था में पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बक्सा खोला तो उसके अंदर नारंगी टी-शर्ट और काले लोअर पहने हुए बालक का शव था, जिसे लाल कपड़े से ढका गया था। बगल में टॉफी और कुरकुरे के पैकेट भी रखे थे।
पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने बच्चे को पहचानने की पुष्टि नहीं की। घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस अब आसपास के थानों और जिलों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की पड़ताल कर रही है, ताकि बच्चे की पहचान हो सके और हत्या की सच्चाई सामने लाई जा सके।
गली हुए मासूम की मौत ने पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा, लेकिन शुरुआती जांच में हत्या की पुष्टि की आशंका मजबूत मानी जा रही है।





