नवाबगंज सीएचसी पर आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, नसबंदी शिविर व आयुष्मान कार्ड अभियान को लेकर दिए गए दिशा-निर्देश

0
30

नवाबगंज। नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार को आशा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी नसबंदी शिविर को सफल बनाना, अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड व आभा कार्ड बनवाना तथा स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाना रहा।
बैठक में प्रदीप कुमार ने सभी आशा कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वे आगामी नसबंदी शिविर के लिए क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क करें और अधिक से अधिक दंपतियों को प्रेरित कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाएं। उन्होंने बताया कि यह नसबंदी शिविर कल सीएचसी परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें योग्य लाभार्थियों को निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक के दौरान बीसीपीएम प्रदीप कुमार ने आशा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड तथा आभा कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाएं, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर निःशुल्क व बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि कई लोग अभी भी इन योजनाओं की जानकारी से वंचित हैं, ऐसे में आशा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
इसके अतिरिक्त, सभी आशा कार्यकर्ताओं को अपनी-अपनी आशा डायरी को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि आशा डायरी के माध्यम से क्षेत्रीय स्वास्थ्य कार्यों की सही निगरानी होती है और योजनाओं की समीक्षा में आसानी रहती है।
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुँचाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। बीसीपीएम ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग और आम जनमानस के बीच एक मजबूत कड़ी हैं, जिनके माध्यम से ही योजनाओं का वास्तविक लाभ धरातल पर दिखाई देता है।
इस अवसर पर मुस्कान, रिजबना के साथ आशा कार्यकर्ता सरस्वती, सुनीता, साधना, निशा, किरण, मीरा सहित बड़ी संख्या में अन्य आशा कार्यकर्ताएं उपस्थित रहीं। सभी ने बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन करने और अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here