पूरे प्रदेश में पड़ी सूखी ठंड, जलवायु परिवर्तन और बदलते मौसम पैटर्न को जिम्मेदार बताया
देहरादून। उत्तराखंड में नवंबर का महीना इस बार भी बिना बारिश के बीत गया। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक पूरे नवंबर में सूखी ठंड ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में नवंबर माह में सामान्य तौर पर 5.9 मिमी बारिश दर्ज होती है, लेकिन इस वर्ष एक बूंद भी बारिश नहीं हुई।
विशेषज्ञों और मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि लगातार बदलते मौसम पैटर्न और जलवायु परिवर्तन का सीधा असर उत्तराखंड के मौसम पर दिखाई दे रहा है। बारिश न होने से कृषि, बागवानी और पेयजल स्रोतों पर भी प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने बताया कि दिसंबर में भी तापमान में और गिरावट आएगी तथा उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है।




