अहीर रेजिमेंट की मांग पर भी दिया बयान—“हर जाति अपनी रेजिमेंट मांगेगी, यह सेना का विषय है”
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आधार कार्ड से संबंधित हालिया फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और “आज़म जैसे लोग दो-दो जन्म प्रमाण पत्र नहीं बना पाएंगे।” उनका इशारा पूर्व मंत्री आज़म खान से जुड़े विवादों की ओर था, जिन पर पहले भी दस्तावेज़ों में हेरफेर के आरोप लग चुके हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की इच्छा है कि पहचान से जुड़े सभी दस्तावेज पारदर्शी हों और किसी भी प्रकार की धांधली की गुंजाइश न बचे।
अहीर रेजिमेंट की मांग पर पूछे गए सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यदि इस तरह की मांगें मान ली गईं, तो “हर जाति अपनी-अपनी रेजिमेंट मांगेगी।” उन्होंने स्पष्ट किया कि रेजिमेंट बनाना या न बनाना सेना का विषय है और इस पर फैसला भी सेना ही करती है।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को राजनीतिक चश्मे से देखना सही नहीं है। सेना में रेजिमेंट का गठन परंपरा, आवश्यकता और सैन्य ढांचे के आधार पर होता है, न कि जातिगत मांगों पर।
केशव प्रसाद मौर्य के इन बयानों ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।






