पुलिस झंडा दिवस पर रिज़र्व पुलिस लाइन में आयोजित हुआ ससम्मान कार्यक्रम

0
30

एसपी आरती सिंह ने फहराया पुलिस ध्वज, पुलिस कर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा का दिया संदेश
फर्रुखाबाद। जिले में “पुलिस झंडा दिवस” के अवसर पर रिज़र्व पुलिस लाइन फतेहगढ़ में एक गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस ध्वज फहराकर समारोह की शुरुआत की। ध्वजारोहण के बाद एसपी ने मौके पर उपस्थित सभी पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को संबोधित किया और पुलिस बल की गौरवशाली परंपराओं व कर्तव्यों की याद दिलाई।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक द्वारा भेजे गए संदेश को भी पढ़कर सुनाया गया। संदेश में पुलिस कर्मियों को कर्तव्यपरायणता, अनुशासन और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की प्रेरणा दी गई। एसपी आरती सिंह ने इस संदेश के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुलिस ध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा को बनाए रखना हर पुलिसकर्मी का सर्वोच्च दायित्व है।
उन्होंने कहा कि “पुलिस का ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि हमारी शौर्य, परंपरा, सेवा भाव और त्याग का प्रतिनिधित्व करता है। हमें प्रतिदिन अपने कार्यों के माध्यम से इसकी प्रतिष्ठा को और ऊँचा उठाना है।”
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी और कर्मचारीगण ससम्मान उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस ध्वज के प्रति निष्ठा, राष्ट्र व समाज की सुरक्षा के प्रति समर्पण और सेवा की भावना को दोहराया। समारोह का समापन राष्ट्रीय धुन के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here