लखनऊ| मतदाता सूची में प्रविष्टियों के विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत फॉर्म भरने की प्रक्रिया चार नवंबर से जारी है। जिले के अधिकतर घरों तक एसआईआर फॉर्म पहुंच चुका है और बड़ी संख्या में मतदाता फॉर्म भरकर अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को जमा भी कर चुके हैं। जिन लोगों ने अब तक फॉर्म नहीं भरा है, उनके पास इसे पूरा करने के लिए दो आसान विकल्प मौजूद हैं—ऑनलाइन और ऑफलाइन।
ऑनलाइन व्यवस्था के लिए निर्वाचन आयोग ने एसआईआर फॉर्म अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया है। मतदाता https://voters.eci.gov.in पर जाकर ‘वोटर सर्विसेज’ सेक्शन में एसआईआर फॉर्म खोज सकते हैं। ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए मतदाता का मोबाइल नंबर वोटर कार्ड से लिंक होना अनिवार्य है। मोबाइल नंबर लिंक न होने की स्थिति में ऑनलाइन फॉर्म भरना संभव नहीं होगा। फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसकी कॉपी भी डाउनलोड हो जाएगी।
जिन लोगों के पास इंटरनेट सुविधा नहीं है या जिनका मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, वे ऑफलाइन माध्यम चुन सकते हैं। इसके लिए अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म प्राप्त किया जा सकता है। ऑफलाइन फॉर्म भरने के लिए केवल एपिक नंबर की जरूरत होगी। साथ में नाम, पता और मोबाइल नंबर भरकर फॉर्म बीएलओ को ही वापस जमा करना होगा।
सहायक निर्वाचन अधिकारी अभय किशोर ने बताया कि अधिकांश लोग बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर न होने के कारण असुविधा महसूस करते हैं, लेकिन अब इसकी जानकारी भी ऑनलाइन उपलब्ध है। मतदाता https://electoralsearch.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर तीन तरीकों से अपने बीएलओ का विवरण प्राप्त कर सकते हैं—पहला एपिक नंबर से, दूसरा वोटर कार्ड की अन्य डिटेल भरकर और तीसरा पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से।
एसआईआर फॉर्म या अन्य संबंधी जानकारी के लिए मतदाता 0522-1950 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इस नंबर पर एसआईआर फॉर्म, बीएलओ अथवा निर्वाचन संबंधी अन्य विवरण प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि समय पर फॉर्म भरकर निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।




