पीडीए प्रहरी बनेगा ‘पीपीटीवी’, हर बूथ पर रखेगा निगरानी
– अखिलेश ने कहा, “भाजपा दल नहीं छल है”
लखनऊ। बिहार चुनाव के बाद सियासी माहौल में नई हलचल पैदा करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बिहार में जो “चुनावी खेल” रचा गया, अब वह प. बंगाल, तमिलनाडु, यूपी और देश के किसी भी हिस्से में दोहराया नहीं जा सकेगा, क्योंकि साज़िश का भंडाफोड़ हो चुका है।
अखिलेश यादव ने अपने ताज़ा बयान में कहा कि भाजपा लोकशाही नहीं, छल-प्रपंच के जरिए सत्ता हासिल करना चाहती है, लेकिन अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।
अखिलेश ने कहा कि जैसे सीसीटीवी चौकन्ना रहता है, वैसे ही पीपीटीवी यानी ‘पीडीए प्रहरी टीवी’ अब हर बूथ, हर मतदान स्थल पर नजर रखेगा। पीडीए प्रहरी भाजपा की हर संदिग्ध गतिविधि, हर ‘सेटिंग’, हर ‘खेल’ को रोकने के लिए सतर्क रहेंगे।
उन्होंने कहा,“अब हम उनका खेल नहीं चलने देंगे। पीडीए प्रहरी बूथ-बूथ पर पहरा देंगे और भाजपा की हर साज़िश नाकाम करेंगे।”
अपने तीखे अंदाज़ में अखिलेश यादव ने भाजपा के चुनावी तौर–तरीकों पर कटाक्ष करते हुए कहा,“भाजपा दल नहीं, छल है। लोकतंत्र के साथ धोखा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि किस तरह भाजपा ध्रुवीकरण, डर और दुष्प्रचार के सहारे वोट हासिल करने की कोशिश करती है। पीडीए मॉडल समाज के हर तबके को साथ लेकर, भाजपा की विभाजनकारी राजनीति का जवाब देगा।
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद सपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी के अंदरूनी सूत्र कह रहे हैं कि 2026 व 2027 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी बूथ स्तर पर अपनी डिजिटल और जमीनी ताकत दोनों को मजबूत कर रही है।
पीडीए मॉडल को “तकनीक + जनसहभागिता” के शक्तिशाली मिश्रण के रूप में पेश किया जा रहा है, जो भाजपा के हर “खेल” पर चौकन्नी निगाह रखेगा।





