अमेठी। वारिसगंज कस्बे के जामों रोड पर स्थित प्रताप किराना स्टोर में सोमवार रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही मिनटों में लपटों ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने बिजली आपूर्ति बंद करवाकर करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
भाले सुल्तान शहीद स्मारक के बाबा गरीब दास टांडा निवासी प्रताप यादव ने बताया कि वे वारिसगंज कस्बे में कमरुद्दीन के मकान में किराये पर किराना की दुकान चलाते हैं। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं उठते देखा और उन्हें सूचित किया। जब दुकान खोली गई तो अंदर से भयंकर लपटें उठ रही थीं।
मौके पर जुटे लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जगदीशपुर और मुसाफिरखाना से पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान और फर्नीचर जलकर राख हो गया।
प्रताप यादव ने बताया कि विवाह समारोहों का सीजन देखते हुए उन्होंने बड़ी मात्रा में सामान मंगवाया था। आग में करीब 15 लाख रुपये के माल के साथ दुकान की बिल्डिंग को लगभग 10 लाख रुपये की क्षति हुई है। कुल नुकसान लगभग 25 लाख रुपये आंका गया है।
थानाध्यक्ष तनुज पाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट पाया गया है। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




