पीड़ितों से मिलने पहुंचे सपाइयों को पुलिस ने रोका, मचा हंगामा
बहराइच।
भरथापुर नाव हादसे का सोमवार को छठवां दिन शुरू हो गया, लेकिन लापता लोगों की तलाश अभी भी जारी है। रविवार को राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीमों ने नदी से दो और शव बरामद किए। नाविक शिवनंदन (50) का शव घाघरा बैराज के अपस्ट्रीम में मिला, जबकि सुमन (28) का शव घटनास्थल से करीब 15 किलोमीटर दूर लखीमपुर खीरी जिले के सुजानपुर जंगल क्षेत्र में बरामद हुआ। दोनों की पहचान परिजनों ने कर ली है। हादसे में अब तक कई शव बरामद हो चुके हैं, लेकिन अभी भी छह लोग लापता हैं।
रविवार सुबह करीब 6 बजे घने कोहरे के बीच एसएसबी 70वीं बटालियन की टीम ने फिर से मोर्चा संभाला। कमांडेंट राजन श्रीवास्तव और असिस्टेंट कमांडेंट हरि सिंह के नेतृत्व में 24 जवानों की टीम नदी के दोनों किनारों और आसपास के जंगलों में तलाश में जुटी रही। दोपहर बाद एनडीआरएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम को पहला शव गुलरिया गांव के सामने नदी में मिला, जिसकी पहचान भरथापुर निवासी नाविक शिवनंदन (50) के रूप में हुई। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने लखीमपुर खीरी के सुजानपुर जंगल में नदी किनारे महिला का शव उतराता देखा, जो भरथापुर की ही सुमन (28) निकली। दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेस्क्यू दल में हेड कांस्टेबल बी. रवी भंडारी, एम. राजेश सिंह, मुकेश कुमार सिंह, आशीष गौड़, परेशचंद्र शेट्टी, कांस्टेबल मिथिलेश कुमार, मनोज शिवाजी रावत, पुनीत कुमार, राजेश कुमार मौर्य, अवधेश सिंह तोमर और सुमित शामिल रहे।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि नदी का प्रवाह बहुत तेज है और क्षेत्र घने जंगलों से घिरा होने के कारण तलाशी अभियान में काफी कठिनाइयां आ रही हैं। बावजूद इसके, सभी लापता लोगों के मिलने तक रेस्क्यू अभियान लगातार जारी रहेगा। सोमवार सुबह से एक बार फिर पूरी टीम मोर्चे पर उतरेगी।
इधर, रविवार को हादसे के पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं को पुलिस ने भरथापुर गांव की सीमा पर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और सपाइयों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में बहस के बाद पुलिस ने सपाइयों को पीड़ित परिवारों से मिलने की अनुमति दी। मुलाकात के बाद सपाइयों ने शासन-प्रशासन और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “पीड़ितों को अभी तक उचित सहायता और पुनर्वास नहीं मिला है। राहत के नाम पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।”
पूर्व मंत्री बंशीधर बौद्ध, युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेश सिंह शैलू, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष नंदेश्वरनंद यादव, अंबेडकर वाहिनी के जिलाध्यक्ष पेशकार राव और कृष्ण कुमार मौर्या ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ितों को उचित सहायता और पुनर्वास नहीं मिला तो सपा सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेगी।
भरथापुर नाव हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन, एनडीआरएफ और एसएसबी की टीमें लगातार राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं, जबकि पीड़ित परिवार अब भी अपने लापता परिजनों के सुरक्षित लौटने की आस लगाए हुए हैं।






