अमेठी। जगदीशपुर कस्बे के मुख्य बाजार में रविवार देर रात एक बड़ी दुर्घटना हो गई। उमेश कौशल की रेडीमेड कपड़ों की दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि पूरी दुकान कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गई। आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
फायर ब्रिगेड की टीम ने सुरक्षा के मद्देनज़र सबसे पहले इलाके की बिजली सप्लाई बंद कराई और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा सारा रेडीमेड माल, फर्नीचर और इलेक्ट्रिक सजावट पूरी तरह जल चुकी थी।
दुकानदार उमेश कौशल, जो रमणीक सिंह के मकान के दूसरे तल पर किराये की दुकान में कारोबार करते हैं, ने बताया कि रविवार रात दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। रात करीब दो बजे आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा और तुरंत उन्हें सूचना दी। जब दुकान का शटर खोला गया, तो अंदर से आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार बाहर निकलने लगा।
संकरी गली होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उमेश ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए उन्होंने कुछ दिन पहले ही नया स्टॉक मंगवाया था, जो पूरी तरह नष्ट हो गया। आग से उन्हें लगभग 50 लाख रुपये की क्षति हुई है।
आग बुझाने के दौरान नीचे तल पर स्थित राजकुमार की किराने की दुकान में भी पानी चला गया, जिससे लगभग 50 हजार रुपये का सामान खराब हो गया। आग की गर्मी और धुएं से रमणीक सिंह की इमारत को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं आसपास की कई दुकानों में धुआं भर जाने से कपड़े और अन्य सामान भी खराब हो गए।
स्थानीय प्रशासन ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। हादसे के बाद बाजार के व्यापारियों में भारी चिंता का माहौल है।






