रोडवेज बस में जहरखुरानी गिरोह का आतंक — यात्री बेहोश, नकदी व मोबाइल लेकर फरार

0
103

फर्रुखाबाद। रोडवेज बस में सफर कर रहे एक यात्री को जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। बेहोशी का फायदा उठाते हुए गिरोह के सदस्य उसके पास से हजारों की नकदी, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित यात्री किसी काम से बस द्वारा सफर कर रहा था। यात्रा के दौरान कुछ संदिग्ध लोग उससे बातचीत करने लगे और मौका पाकर उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। कुछ ही देर में यात्री अचेत हो गया। जब बस रोडवेज बस स्टैंड, फर्रुखाबाद पहुंची, तो चालक और परिचालक ने बेहोश पड़े यात्री को नीचे उतारा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बेहोश यात्री को जिला अस्पताल, डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार यात्री की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने घटना की जानकारी के आधार पर जांच शुरू कर दी है और जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों की तलाश में टीमों को लगाया गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में रोडवेज बसों में यात्रियों को नशीला पदार्थ सुंघाकर लूटने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर के दौरान अनजान व्यक्तियों से कोई खाने-पीने की वस्तु स्वीकार न करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here