कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर बरेली पुलिस का ट्रैफिक डायवर्जन लागू, पांच सौ पुलिसकर्मी करेंगे सुरक्षा व्यवस्था संभाल

0
49

बरेली। कार्तिक पूर्णिमा पर रामगंगा के चौबारी घाट पर लगने वाले वार्षिक मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ और संभावित जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि तीन नवंबर की सुबह 8 बजे से लेकर पांच नवंबर की रात 10 बजे तक भारी वाहनों और रोडवेज बसों को शहर से डायवर्ट किया जाएगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है।

डायवर्जन योजना के तहत बदायूं से भमोरा, देवचरा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर और बड़ा बाइपास होते हुए भारी वाहन व रोडवेज बसें शहर में प्रवेश करेंगी। वहीं, बदायूं से लखनऊ, शाहजहांपुर और पीलीभीत की ओर जाने वाले वाहनों को देवचरा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी और बड़ा बाइपास मार्ग से निकाला जाएगा। लखनऊ और शाहजहांपुर से बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहन फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा और भमोरा मार्ग से गुजरेंगे। इसी प्रकार पीलीभीत और नैनीताल की ओर से आने वाले वाहन बड़ा बाइपास, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा और भमोरा के रास्ते बदायूं जाएंगे। दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की दिशा से आने वाले भारी वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाइपास, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज और भमोरा मार्ग से बदायूं की ओर जा सकेंगे।

लखनऊ और शाहजहांपुर की ओर से दिल्ली, रामपुर व मुरादाबाद जाने वाले वाहनों को फतेहगंज पूर्वी, बड़ा बाइपास, विलयधाम, बिलवा और झुमका तिराहा मार्ग से भेजा जाएगा। देवचरा, चौपुला और बुखारा मोड़ से किसी भी भारी वाहन को रामगंगा की दिशा में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। नोडल अधिकारी एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि करीब पांच सौ पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। शुक्रवार को उन्होंने टीम के साथ मेला स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। कोतवाली के इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह को मेला प्रभारी बनाया गया है, जबकि सीओ फरीदपुर, सीओ ट्रैफिक और सीओ प्रथम भी मेले में निगरानी करेंगे।

मेले में 16 इंस्पेक्टर, 50 दरोगा, 210 मुख्य आरक्षी और आरक्षी, एक कंपनी पीएसी, एक प्लाटून फ्लड पीएसी, 50 महिला पुलिसकर्मी, एक एंटी रोमियो स्क्वॉड और आठ घुड़सवार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से मेले को एक थाना और आठ चौकियों में विभाजित किया गया है। इसके अलावा आठ वॉच टावर और एक खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और कार्तिक पूर्णिमा का यह ऐतिहासिक मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here