दिल्ली में BS-3 वाहनों की एंट्री पर रोक से बढ़ी परेशानी, गाजीपुर बॉर्डर पर सघन चेकिंग जारी
गाजियाबाद। दिल्ली में BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीज़ल वाहनों के प्रवेश पर आज से लगी रोक का असर एनसीआर के बॉर्डर इलाकों में साफ नजर आ रहा है। शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली-यूपी बॉर्डर, खासतौर पर गाजीपुर बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीमें बॉर्डर पर हर वाहन की सघन जांच कर रही हैं। कई जगहों पर पुराने मॉडल के वाहनों को दिल्ली में प्रवेश से रोक दिया गया, जिससे यात्रियों और ऑफिस जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण स्तर को नियंत्रित करने के लिए की जा रही है। पर्यावरण विभाग के निर्देश पर BS-3 और BS-4 श्रेणी के वाहनों को दिल्ली की सीमाओं में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।
गाजियाबाद और नोएडा के कई रास्तों पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वैध और स्वीकृत वाहनों से ही यात्रा करें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।





