डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार मवेशी व्यापारी और साथी की मौत

0
43

फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम करीब आठ बजे इटावा-बरेली हाईवे पर डबरी गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। शाहजहांपुर की ओर से आ रही एक डाक पार्सल लिखी डीसीएम ने बाइक सवार दो व्यक्तियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन फानन में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 55 वर्षीय ओमपाल पुत्र हरीसिंह निवासी ग्राम उजरामऊ, थाना राजेपुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय राजन पुत्र राधेश्याम तोमर को कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।मृतक ओमपाल मवेशी व्यापारी थे और अपने साथी राजन के साथ पशु देखने जा रहे थे। बताया गया कि ओमपाल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और उनकी पत्नी का निधन सात साल पहले हो चुका था। उनके दो पुत्र हैं।घटना के बाद चालक डीसीएम छोड़कर फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here