लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भाजपा सरकार पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस और दूरदर्शिता से देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोया, लेकिन आज भाजपा उसी एकता की भावना को तोड़ने का काम कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि “सरदार पटेल जी का देश की एकता और अखंडता में बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने देश को जोड़ा, रियासतों को खत्म किया और भारत को मजबूत बनाया। लेकिन भाजपा समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांट रही है।”
समाजवादी आंदोलन को देश की खुशहाली का रास्ता बताते हुए अखिलेश ने कहा कि “देश की तरक्की समाजवादी विचारधारा से ही संभव है। भाजपा ने जनता से जो वादे किए थे, वे सब जुमले साबित हुए हैं। उन्होंने कहा था कि स्मार्ट सिटी बनाएंगे, दो करोड़ नौकरियां देंगे, किसानों की आय दोगुनी करेंगे—पर आज हालात सबके सामने हैं।”
उन्होंने प्रधानमंत्री पर अमेरिकी राष्ट्रपति की टिप्पणी को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि देश की गरिमा से जुड़ी हर बात पर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि सरदार पटेल जैसे महान नेताओं की विरासत को बचाना हर भारतीय का कर्तव्य है, क्योंकि उन्होंने जिस भारत को जोड़ा, उसे कोई तोड़ नहीं सकता।






