एनडीए का ‘संकल्प पत्र 2025’ जारी, बिहार को औद्योगिक हब और एक करोड़ रोजगार देने का वादा

0
83

पटना। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पटना के एक बड़े होटल में आयोजित कार्यक्रम में एनडीए के सभी घटक दलों के प्रमुख नेताओं ने मिलकर ‘संकल्प पत्र 2025’ के नाम से यह घोषणा पत्र जारी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान, सांसद उपेंद्र कुशवाहा, बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा उपस्थित रहे। घोषणा पत्र जारी होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, चिराग पासवान सहित सभी वरिष्ठ नेता वहां से रवाना हो गए। इसके बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एनडीए की ओर से घोषणा पत्र के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता अब केवल विकास चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में अभूतपूर्व विकास हुआ है। अगले पांच वर्षों में बिहार को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि एनडीए ने युवाओं, महिलाओं, गरीबों, दलितों और अतिपिछड़ों पर विशेष फोकस करते हुए पांच साल में एक करोड़ से अधिक रोजगार और नौकरी देने का संकल्प लिया है। महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को दो लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी और एक करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया जाएगा। सम्राट चौधरी ने बताया कि ‘मिशन करोड़पति’ के तहत महिला उद्यमियों को करोड़पति बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

अतिपिछड़ा वर्ग, दलित और गरीब तबके के सशक्तिकरण पर भी जोर देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त जज की अध्यक्षता में एक आयोग का गठन किया जाएगा जो अतिपिछड़ा समाज को मुख्यधारा में लाने के लिए सुझाव देगा। किसानों के लिए केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत जहां छह हजार रुपये मिलते हैं, वहीं एनडीए सरकार बनने पर राज्य सरकार अतिरिक्त तीन हजार रुपये देगी। इस योजना का नाम ‘कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान योजना’ रखा गया है।

घोषणापत्र में विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसमें 25 प्रमुख बिंदु शामिल किए गए हैं जिनमें एक करोड़ से अधिक सरकारी नौकरी व रोजगार देने, हर जिले में मेगा स्किल सेंटर खोलने, बिहार स्पोर्ट्स सिटी और खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने, हर जिले में फैक्ट्री और 10 नए औद्योगिक पार्क के निर्माण, 100 MSME पार्क और 50 हजार से अधिक कुटीर उद्योग स्थापित करने, डिफेंस कॉरिडोर व सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पार्क स्थापित करने, महिलाओं को दो लाख रुपये तक की सहायता और ‘मिशन करोड़पति’ के तहत महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देने जैसे वादे शामिल हैं। इसके अलावा किसानों को हर साल नौ हजार रुपये की सहायता राशि देने, सभी फसलों के लिए एमएसपी की गारंटी, कृषि अवसंरचना में नौ लाख करोड़ रुपये का निवेश, एससी-एसटी विद्यार्थियों के लिए हर अनुमंडल में आवासीय विद्यालय, उच्च शिक्षा में एससी वर्ग के विद्यार्थियों को दो हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता, ईबीसी वर्ग की जातियों को 10 लाख रुपये की सहायता, गरीब छात्रों को नर्सरी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा और स्कूलों में पौष्टिक नाश्ता देने का वादा किया गया है।

साथ ही एनडीए सरकार बनने पर 50 लाख नए पक्के मकान, मुफ्त राशन, 125 यूनिट मुफ्त बिजली और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना जारी रखने, जिलों के प्रमुख स्कूलों का कायाकल्प करने के लिए पांच हजार करोड़ रुपये के प्रावधान, सात एक्सप्रेसवे और 3,600 किलोमीटर रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण, हर जिले में मेडिकल कॉलेज और विश्वस्तरीय मेडिकल सिटी के निर्माण, मां जानकी की जन्मस्थली को ‘सीतापुरम’ नामक विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करने, पटना, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे और चार नए शहरों में मेट्रो निर्माण, तथा बिहार को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए ‘फ्लड टू फॉर्च्यून मॉडल’ के तहत नदी जोड़ परियोजना, तटबंध और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने की योजना की घोषणा की गई है।

एनडीए नेताओं का कहना है कि ‘संकल्प पत्र 2025’ बिहार को आत्मनिर्भर, विकसित और अवसरों से भरपूर राज्य बनाने की ठोस रूपरेखा है, जो आने वाले पांच वर्षों में बिहार की तस्वीर बदल देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here