बांके बिहारी मंदिर की व्यवस्था में आएगी पारदर्शिता, रोजाना होगा आय-व्यय का लेखा-जोखा

0
50

वृंदावन। ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर की हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी की सातवीं बैठक बुधवार की देर शाम लक्ष्मण शहीद सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत न्यायाधीश और कमेटी अध्यक्ष अशोक कुमार ने की। उन्होंने वर्तमान प्रबंधन को निर्देश दिए कि अब मंदिर की रोजाना की आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा तैयार कर उसे कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।

अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि मंदिर की प्रत्येक व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के ठाकुरजी के दर्शन कर सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मंदिर प्रशासन का हर निर्णय श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखकर ही लिया जाएगा।

बैठक में मंदिर की प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्थाओं को सुदृढ़ व पारदर्शी बनाने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। अध्यक्ष ने आदेश दिया कि मंदिर की दैनिक आय और व्यय का नियमित लेखा-जोखा रखा जाएगा, और महीने में एक बार उसका ऑडिट कमेटी द्वारा किया जाएगा। साथ ही, यह भी निर्देश दिया गया कि कमेटी के सभी आदेशों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए ताकि मंदिर प्रबंधन की विश्वसनीयता और श्रद्धालुओं का विश्वास दोनों कायम रह सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here