राजेपुर (फर्रुखाबाद)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजेपुर में बुधवार को राज्य स्तरीय निरीक्षण टीम ने औचक दौरा किया। रायबरेली से आई इस टीम के साथ एसीएमओ डॉ. अरुण वर्मा और एसीएमओ डॉ. यासीन अहमद भी मौजूद रहे। टीम ने अस्पताल की साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान टीम ने महिला प्रसव केंद्र, ओपीडी, आयुष्मान कार्ड अनुभाग, औषधि भंडार और अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया। टीम के अधिकारियों ने कहा कि सीएचसी में स्वच्छता के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाओं में भी सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को किसी भी स्तर पर असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के समय राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अमित राजपूत मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि रायबरेली से आई टीम ने सभी विभागों का विस्तार से निरीक्षण किया है और आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव दिए हैं। डॉ. राजपूत ने कहा कि निरीक्षण टीम द्वारा बताए गए बिंदुओं पर शीघ्र ही सुधार किया जाएगा ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।




