पुरानी रंजिश में ऋतिक पर हुआ हमला, विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शहीद पथ रोड पर चलती कार पर बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस घटना ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। कुछ बदमाशों ने चलती कार पर दो राउंड फायरिंग की, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग का वीडियो किसी राहगीर ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।
सूत्रों के अनुसार, हमले का शिकार बना युवक ऋतिक है, जिसके साथ बदमाशों की पुरानी रंजिश चल रही थी। घटना के बाद घायल युवक ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वीडियो की सत्यता और हमलावरों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फायरिंग करने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि शहीद पथ जैसी प्रमुख सड़क पर फायरिंग की घटना बेहद चिंताजनक है और रात्रि गश्त को और सख्त करने की जरूरत है।





