चंदौली| अलीनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। छठ पूजा करने के लिए घाट जा रहे परिवार की खुशी पल भर में मातम में बदल गई, जब तेज रफ्तार ट्रक ने सास, बहू और पोते को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना नेशनल हाईवे-19 पर पंचफेड़वा गांव के पास हुई। मृतकों की पहचान कुमारी देवी (45 वर्ष), उनकी बहू चांदनी देवी (30 वर्ष) और पोते सौरभ कुमार (7 वर्ष), निवासी रेवसा-पंचफेड़वा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार सुबह छठ पूजा के लिए घाट पर पैदल जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद भागते हुए ट्रक एक पेड़ से टकराया और फिर एक बाइक में भी टक्कर मारते हुए फरार हो गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर दौड़े आए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था — मामा अपने भांजे सौरभ का शव गोद में लेकर फूट-फूटकर रोता रहा। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। घायल बाइक सवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।छठ पर्व की आस्था में शामिल होने निकला यह परिवार अब एक ही हादसे में हमेशा के लिए बिछड़ गया —गांव में मातम पसरा है और हर आंख नम है।




