नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईएसआईएस से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने इस मॉड्यूल से जुड़े दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक दिल्ली का रहने वाला है, जबकि दूसरा मध्य प्रदेश का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों संदिग्धों के पास से आपत्तिजनक सामग्री और गोलाबारूद बरामद किया गया है। इनमें से एक आतंकी को भोपाल से जबकि दूसरे को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आतंकी दिल्ली के अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की तैयारी में थे।
विशेष शाखा के अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए आतंकियों ने आत्मघाती हमले की प्रशिक्षण प्राप्त कर रखी थी और वे अपनी योजना को अंजाम देने के करीब पहुंच चुके थे। गिरफ्तार किए गए संदिग्ध की पहचान अदनान के रूप में हुई है। उनके पास से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कई आपत्तिजनक वस्तुएं जब्त की गई हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों आरोपी आईएसआईएस संगठन से जुड़े थे और राजधानी में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे। फिलहाल पुलिस इनसे उनके नेटवर्क और योजनाओं के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, इनकी गिरफ्तारी से दिल्ली में एक संभावित बड़ा आतंकी हमला टल गया है।





