कमांडर काजिम बोला, अगर दम है तो सामने आकर लड़ो
नई दिल्ली। पाकिस्तान में आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को खुली धमकी दी है। संगठन ने हाल ही में कई वीडियो जारी कर पाकिस्तानी सेना को चुनौती दी है। इन वीडियो में इसका एक शीर्ष कमांडर काजिम सीधे आसिम मुनीर को ललकारते हुए कहता नजर आ रहा है — “अगर तुम मर्द हो तो सामने आकर लड़ो, अपने सैनिकों को मौत के मुंह में मत भेजो।”
यह धमकी ऐसे समय में दी गई है जब तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के हमलों ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। 8 अक्टूबर को खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम इलाके में आतंकियों ने एक घात लगाकर हमला किया था। संगठन ने दावा किया कि इस हमले में 22 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि पाकिस्तानी सेना ने केवल 11 जवानों की मौत की पुष्टि की है। आतंकियों ने वीडियो में हमले की फुटेज, लूटी गई गोलियां और वाहनों की तस्वीरें भी जारी की हैं, जिसने पाकिस्तानी सेना के मनोबल पर बड़ा असर डाला है।
वीडियो जारी करने वाले कमांडर काजिम ने आसिम मुनीर पर तंज कसते हुए कहा — “अगर तुमने मां का दूध पिया है तो हमसे आमने-सामने मुकाबला करो।” इस बयान के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया। 21 अक्टूबर को पाकिस्तानी अधिकारियों ने काजिम की गिरफ्तारी के लिए 10 करोड़ पाकिस्तानी रुपये के इनाम की घोषणा की।
विशेषज्ञों के अनुसार, इन वीडियो और हमलों का उद्देश्य न केवल सेना को डराना है, बल्कि आम जनता में भी दहशत फैलाना है। कुर्रम हमले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान अब पहले से कहीं अधिक संगठित, सशस्त्र और आक्रामक रूप में सामने आ रहा है।
पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी बढ़ती ताकत से अन्य चरमपंथी संगठन जैसे लश्कर-ए-झंगवी और इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रांत भी प्रेरित हो रहे हैं। ये दोनों संगठन पहले भी पाकिस्तान में सांप्रदायिक हिंसा और आत्मघाती हमलों को अंजाम दे चुके हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान में बढ़ते आतंकवादी हमले और खुली चुनौती, इस बात का संकेत हैं कि देश में आतंकवादी नेटवर्क एक बार फिर मजबूत हो रहा है, जिससे न सिर्फ पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों की साख पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उसकी स्थिति कमजोर हो रही है।




