पटना। बिहार की सियासत में आज बड़ा मोड़ देखने को मिला है। महागठबंधन ने आखिरकार मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद को लेकर सहमति बना ली है। गुरुवार को पटना में हुई महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया, जबकि वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया। बताया गया कि महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर जारी विवाद भी लगभग समाप्त हो गया है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा कि “हम सबकी सहमति से इस चुनाव में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया है।” उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन पूरी मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेगा और भाजपा को हराकर बिहार में नई सरकार बनाएगा।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि “INDIA गठबंधन की मजबूती की नींव उसी दिन रखी गई थी जब राहुल गांधी ने मतदाता अधिकार यात्रा के तहत सभी दलों को जोड़ने का काम किया था।” वहीं, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “भाजपा ने जब हमारी पार्टी तोड़ी, तब हमने संकल्प लिया था कि जब तक भाजपा को बिहार से बाहर नहीं करेंगे, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।”
इधर भाजपा ने इस प्रेस वार्ता पर निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि “महागठबंधन के घटक दल अपनी महत्वाकांक्षाओं के चलते गठबंधन धर्म भूल चुके हैं। आज की प्रेस वार्ता में भी सिर्फ एक ही चेहरा दिखा — यह बताता है कि असली नेतृत्व कौन चलाना चाहता है।”
जदयू नेता नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि “महागठबंधन में कुल उम्मीदवारों की संख्या 255 है, जबकि सीटें 243 हैं — यह भ्रष्टाचार का नया गणित है। केवल तेजस्वी का पोस्टर है, राहुल गांधी और मुकेश सहनी का क्यों नहीं?”
राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि तेजस्वी यादव का नेतृत्व इस बार “गेम चेंजर” साबित होगा। उन्होंने कहा कि “महागठबंधन एक दल नहीं, बल्कि कई विचारधाराओं का साझा मंच है, और जनता अब इस एकता को महसूस कर रही है।”
वहीं, भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने इसे “महागठबंधन की महादरार” करार दिया। उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी और तेजस्वी यादव गठबंधन की अंदरूनी फूट सुलझाने में नाकाम रहे हैं। राजद और कांग्रेस के कई उम्मीदवार एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। जीतेगा एनडीए, सरकार भी वही बनाएगा।”
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि “बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता पूरे जोश से जुटे हैं। आज शाम 6 बजे ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में उनसे संवाद करने को उत्सुक हूं।”
वहीं, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आज औरंगाबाद के गोह और वैशाली के पातेपुर में विशाल जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जहां वे एनडीए के उम्मीदवारों के समर्थन में जनता से वोट की अपील करेंगे।






