– छर्रा थाना क्षेत्र के सिहावली गांव में पकड़ी गई संदिग्ध गाड़ी — मांस निर्यातकों पर गाड़ी चढ़ाने का भी आरोप
अलीगढ़। जिले के छर्रा थाना क्षेत्र के सिहावली गांव में रविवार देर रात उस समय तनाव फैल गया जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक पिकअप गाड़ी को मांस से भरी हालत में पकड़ लिया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गाड़ी में गौमांस लादा गया था, जिसे अवैध रूप से निर्यात के लिए ले जाया जा रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर छर्रा पुलिस पहुंची और भीड़ को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, सिहावली गांव के पास कुछ स्थानीय लोगों को एक संदिग्ध गाड़ी आती दिखाई दी। शक होने पर जब गाड़ी को रोका गया, तो उसमें संदिग्ध मांस भरा हुआ मिला। इस पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गाड़ी को घेर लिया और गौमांस ले जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मांस निर्यातक गाड़ी चढ़ाकर भागने की कोशिश कर रहे थे, जिससे कुछ कार्यकर्ता बाल-बाल बच गए। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलते ही थाना छर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को कब्जे में ले लिया। गाड़ी में मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
इसके बाद कार्यकर्ता थाना छर्रा पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। थाने के बाहर कई घंटे तक हंगामे का माहौल बना रहा।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) ने बताया कि बरामद मांस का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जाएगा, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि वह गौमांस है या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।
एसपी ग्रामीण ने बताया, “मामले की जांच की जा रही है। यदि गौमांस की पुष्टि होती है तो आरोपियों पर गौकशी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं झूठा प्रचार करने वालों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई होगी।”
गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस ने स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण होने की बात कही है।





