मदीना में संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य के लिए दुआ, प्रयागराज के सुफ़ियान अल्लाहबादी का वीडियो वायरल

0
92

प्रयागराज| मदीना शरीफ की पवित्र मस्जिद में प्रयागराज के रहने वाले सुफ़ियान अल्लाहबादी ने वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य लाभ के लिए दुआ मांगी। सुफ़ियान ने अपने मोबाइल पर संत का फोटो दिखाते हुए कहा— “हे अल्लाह, भारत के महान संत प्रेमानंद महाराज को शीघ्र स्वस्थ करें, ताकि वे अपने भक्तों का मार्गदर्शन जारी रख सकें।”

उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा— “क्या हिंदू, क्या मुसलमान… इंसानियत सबसे बड़ी है।” सुफ़ियान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और लोगों में भाईचारे की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।

संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर बीते दिनों सोशल मीडिया पर कई अफवाहें फैल गई थीं। दो अक्टूबर को श्रीराधे हित केलिकुंज आश्रम की ओर से यह जानकारी दी गई थी कि स्वास्थ्य कारणों से महाराज की पदयात्रा कुछ दिन के लिए स्थगित की जा रही है। इसके बाद फेसबुक और इंस्टाग्राम पर तरह-तरह के फर्जी वीडियो और संदेश वायरल होने लगे, जिससे भक्तों में बेचैनी बढ़ गई।

हालांकि संत प्रेमानंद महाराज ने स्वयं एकांतिक वार्तालाप के दौरान स्पष्ट किया कि वे पूर्णतः स्वस्थ हैं और किसी को भ्रमित न होने की अपील की। इसके बाद सोमवार को उनकी पदयात्रा दोबारा शुरू हुई। मार्ग में सड़क के दोनों ओर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। आश्रम के बाहर रंगोली और फूलों से स्वागत किया गया।

श्रद्धालुओं ने बताया कि संत महाराज के दर्शन के लिए लोग रातभर सड़कों पर बैठे रहते हैं। वहीं सुफ़ियान अल्लाहबादी की यह दुआ लोगों के बीच एक नई मिसाल पेश कर रही है कि इंसानियत हर मजहब से बड़ी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here